समाचार | 04.09.2010 | 09:00 UTC
माओवादियों ने कहा, तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित
एक पुलिसकर्मी का गोलियों से छलनी शव मिलने के एक दिन बाद माओवादियों ने कहा है कि अगवा किए गए बाकी तीन पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं. उन्होंने सरकार से कहा है कि वक्त बीत रहा है इसलिए जल्दी बातचीत करे. खुद को माओवादियों का प्रवक्ता बताने वाले अविनाश ने मीडिया को फोन करके बताया कि तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और इसके सबूत दिए जा सकते हैं. बिहार में माओवादियों ने कुछ दिन पहले एक मुठभेड़ के बाद चार पुलिसकर्मियों को अगवा कर लिया. माओवादी अपने आठ साथियों की रिहाई चाहते हैं. उनकी तरफ से दी गई समयसीमा के भीतर सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया तो माओवादियों ने एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी. इस बीच पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है. दो नक्सलवादियों को गिरफ्तार किया गया है. तलाशी अभियान का जायजा ले रहे राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकट हल करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है.













